शाहजहांपुर के तिलहर में कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर के बाहर मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रसाद की दुकानें लगाईं, जिस लेकर हंगामा खड़ा हो गया। इसकी जानकारी होने पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विरोध शुरू कर दिया। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकानों को हटवाकर मामला शांत किया।
लखनऊ-दिल्ली हाईवे किनारे स्थित कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर है। हाईवे के चौड़ीचरण के चलते इस मंदिर को जैक के माध्यम से मुख्य मार्ग से करीब 75 मीटर पीछे बाबू अली के खेत में शिफ्ट किया गया है। मंदिर के लिए किसान बाबू अली ने अपना एक बीघा खेत दान में दिया है। मंगलवार को हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं।
करणी सेना ने किया विरोध
इस मंगलवार को भी हनुमान मंदिर पर मेला लगा। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी मंदिर के बाहर प्रसाद की दुकानें लगाईं। इसकी जानकारी होने पर करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर ओमवीर सिंह कार्यकर्ताओं के साथ मंगलवार को हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने उक्त लोगों द्वारा प्रसाद की दुकानें लगाने का विरोध किया।