रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर छह पर खड़ी ट्रेन व पसरा सन्नाटा। संवाद
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर-पीलीभीत रेलखंड पर मंगलवार को बीसलपुर-निगोही स्टेशनों के बीच पुल संख्या 68 पर बारिश का पानी बहने से ट्रेनों का संचालन नहीं हो सका। स्थिति सामान्य होने तक ट्रेनें निरस्त रहने की संभावना है।
वर्ष 2022 में इज्जतनगर मंडल के शाहजहांपुर-पीलीभीत रेलखंड पर अमान परिवर्तन के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ था। वर्तमान में तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन इस रेलखंड पर किया जा रहा है। मंगलवार को सुबह 6:40 बजे ट्रेन नंबर 05396 शाहजहांपुर-पीलीभीत अनारक्षित विशेष ट्रेन शाहजहांपुर से पीलीभीत के लिए चलाई गई। पीलीभीत से ट्रेन नंबर 05381 शाहजहांपुर के लिए चली। ये दोनों ही ट्रेनें अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकीं।
ट्रेन नंबर 05396 को निगोही और 05381 को बीसलपुर तक चलाया गया। निगोही रेलवे स्टेशन के मास्टर के पास मेमो आया कि भोपतपुर स्टेशन पर पूरा यार्ड पानी में डूब गया है और तालगांव हाल्ट से मिघौना हाल्ट के मध्य कठिना नदी के पुल के नीचे बाढ़ का पानी खतरे के निशान से ऊपर है। इस वजह से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है।
सुबह 10:50 बजे शाहजहांपुर से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 05418 और शाम 6:00 बजे जाने वाली ट्रेन संख्या 05382 निरस्त कर दी गई। इन दोनों ट्रेनों का शाहजहांपुर से संचालन नहीं हुआ। पीलीभीत से यहां आने वाली ट्रेन नंबर 05381, 05417 तथा 05395 भी नहीं आईं।
इधर, इज्जतनगर रेलमंडल की ओर जारी पत्र जारी किया गया है। इसके अनुसार बुधवार को भी शाहजहांपुर से पीलीभीत के लिए जाने वाली ट्रेन संख्या 05417 शाहजहांपुर-पीलीभीत अनारक्षित विशेष गाड़ी और वापसी में ट्रेन संख्या 05418 निरस्त रहेगी। इसके साथ ही अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ने की संभावना है। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने अनुसार स्थिति सामान्य होने पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकेगा।