शाहजहांपुर। राज्य अध्यापक पुरस्कार और राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए सिर्फ चार आवेदन किए गए हैं, जबकि 15 जून से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इसके लिए अब आवेदन करने की तिथि बढ़ दी गई है। शिक्षक अब 21 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
बेसिक शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को पुरस्कृत किए जाने के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार योजना चलाई जाती है। इसमें जिले से भेजे जाने और राज्य स्तरीय समिति से चुने गए अध्यापक को 25 हजार रुपये, मेडल और प्रमाणपत्र दिया जाता है।
अध्यापकों को दो वर्ष का सेवा विस्तार और एक अग्रिम वेतन वृद्धि से भी नवाजा जाता है। इस बार पुरस्कार के लिए आवेदन करने को नियमों में कुछ संशोधन किया गया था, इसके तहत छात्रों के नामांकन को मानक पर पहले नंबर पर रखा गया है। यानि जिन शिक्षकों द्वारा सबसे ज्यादा छात्रों का नामांकन करवाया जाएगा वह पुरस्कार की दौड़ में सबसे आगे होगा।
इसके लिए शिक्षकों को प्रेरणा वेब पोर्टल पर 15 जून से 10 जुलाई के बीच ऑनलाइन आवेदन करना था, लेकिन जिले से आवेदन की गति काफी धीमी रही। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि अब तक सिर्फ चार आवेदन किए गए हैं। जिले से आवेदन न होने की दशा में समयावधि में बढ़ोतरी की गई। अब शिक्षक 21 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद जनपद स्तरीय कमेटी शिक्षकों का साक्षात्कार करते हुए उनका नाम राज्य स्तर के लिए भेजेगी। वरिष्ठ शिक्षकों को भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
श्रेष्ठ शिक्षकों का चयन कर राज्य चयन समिति को भेजा जाता है
- विभागीय अधिकारियों का अनुसार जनपद चयन समिति शिक्षकों के आवेदन पत्रों का अभिलेखीय आधार पर परीक्षण, सत्यापन व मूल्यांकन करती है, इसके बाद दो श्रेष्ठ शिक्षकों का चयन कर प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से राज्य चयन समिति को भेजा जाता है। फिर राज्य चयन समिति प्रत्येक जनपद के श्रेष्ठ शिक्षकों का साक्षात्कार करने के बाद चयन की संस्तुति करेगी। चयनित शिक्षक को शिक्षक दिवस यानी पांच सितंबर को पुरस्कृत किया जाएगा।
यह नियम बन रहा अड़चन
आवेदन के लिए शर्त रखी गई है कि वही शिक्षक योजना का पात्र होगा, जिस शिक्षक की 15 वर्ष की श्रेष्ठ सेवा होगी, सेवानिवृत्त के लिए पांच वर्ष की सेवा बाकी हो। प्राथमिक विद्यालय में 150 से कम, उच्च प्राथमिक विद्यालय में 105 से कम व कंपोजिट विद्यालय में 255 छात्र-छात्राओं से कम नामांकन न होने की दशा में शिक्षक आवेदन नहीं कर सकेगा।