खुटार। खड़े ट्रक में पीछे से कार के टकराने से कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने बमुश्किल शव को कार से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
पीलीभीत के गांव सकरिया फार्म निवासी हरजिंदर सिंह (40) शुक्रवार को बंडा के गांव डुंडवा पिपरिया स्थित बड़ैचा फार्म निवासी कारज सिंह और पीलीभीत के माधौटांडा निवासी दिलबाग सिंह के साथ कार से खुटार आए थे। शाम साढ़े सात बजे के करीब सभी लोग वापस घर जा रहे थे। खुटार-पूरनपुर हाईवे पर लौहंगापुर जंगल से पहले एक ढाबे के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में हरजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कार में बैठे कारज सिंह और दिलबाग सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ढाबे पर मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्होंने गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक के नीचे फंसी कार को ट्रैक्टर आदि से खिंचवाकर बाहर निकाला और हरजिंदर सिंह का शव कब्जे में लिया। सूचना पाकर मृतक और घायलों के परिजन भी खुटार पहुंच गए हैं।