शाहजहांपुर। शासन से मिले निर्देशों पर अंडों का भंडारण निर्धारित मानकों के तहत कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) व उद्यान विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को शहर के तीन कोल्ड स्टोर पर छापा मारा। बाद में एफएसडीए की टीम ने रोजा में आटा मिल आशीर्वाद इंडस्ट्रीज पर छापा मारा और वहां से ब्रांडेड आटा का एक नमूना जांच के लिए सील किया।
शासन ने निर्देश दिए हैं कि शीतगृहों में अंडों का भंडारण सब्जियों और फलों के साथ न किया जाए। निर्देश हैं कि अंडों का भंडारण शीतगृहों में अलग चैंबर में किया जाए और उसका तापमान 11 से 13 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहना चाहिए। यही व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए डीएम उमेश प्रताप सिंह ने दोनों विभागों के अधिकारियों को संयुक्त टीम बनाकर शीतगृहों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जांच टीम में एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी विजय कुमार वर्मा, एफएसओ अनिल प्रताप व इंद्रराज मौर्य और उद्यान निरीक्षक सालिगराम वर्मा शामिल रहे।
अधिकारियों ने कांट रोड पर जमौर स्थित मिश्रा कोल्ड स्टोरेज जाने पर उसे बंद पाया। आसपास के लोगों ने बताया कि यह कोल्ड स्टोर दो वर्ष से बंद है। वहीं ओमर कोल्ड स्टोरेज की जांच करने पर वहां केवल आलू का भंडारण मिला। मोहम्मदी मार्ग के समर कोल्ड स्टोर की जांच करने पर वहां गुड़ से तैयार राब का पीपी में भंडारण पाया गया, लेकिन अंडे नहीं पाए गए। इसके बावजूद अधिकारियों ने शीतगृहों के मालिकों और प्रबंधकों को शासन के नियमों के तहत अंडों का भंडारण करने के निर्देश दिए।
बाद में एफएसडीए के अधिकारियों ने आटा फैक्ट्री आशीर्वाद इंडस्ट्रीज से अमृत भोग ब्रांड आटा का एक नमूना लिया। अभिहीत अधिकारी विजय वर्मा ने बताया कि आटा के पैकेट पर पैकेजिंग और लेवलिंग मानक के अनुसार नहीं मिलने पर मिल मालिक को नोटिस देकर आगाह किया गया कि वह 15 दिन के अंदर पैकिंग के सारे मानक पूरे करें, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।