शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला खिरनीबाग में 90 साल पुराने धार्मिक स्थल की बिक्री का मामला तूल पकड़ गया। मोहल्ले के लोगों की आपत्ति के बाद मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट को प्रार्थना पत्र दिया गया। शाम में नगर मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी ने मौका-मुआयना किया।
खिरनीबाग मोहल्ले के लोगों ने नगर मजिस्ट्रेट को मांग पत्र देकर बताया कि धार्मिक स्थल के पास कुआंवारा, शनि मंदिर व बरगद का पेड़ है। जिसमें महिलाएं पूजा-अर्चना करतीं हैं। होलिका दहन भी किया जाता है। उस जमीन की कुछ लोगों ने खरीद-फरोख्त कर ली।
दो दिन से लगातार तोड़फोड़ की जा रही है। वहां पर रहने वाले मंगे लाल की दीवार गिराकर बेघर कर दिया गया। लोगों की शिकायत के बाद शाम को अधिकारियों ने मौका-मुआयना किया। उन्होंने यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रार्थना पत्र पर गौरव त्रिपाठी, तिलक राज, गंगा गुप्ता, सोनू अवस्थी, अनिल, प्रवीण कुमार, मनोज सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।