शाहजहांपुर। उत्तराखंड के बांधों-बैराजों से अतिरिक्त पानी की निकासी जारी रहने से बाढ़ से उफनाईं नदियां शांत होने का नाम नहीं ले रही है।
कलान क्षेत्र के भैंसार बांध पर गंगा का जलस्तर 24 घंटे तक स्थिर रहने के बाद मंगलवार को सुबह फिर पांंच सेमी बढ़ गया। बरेली के चौबारी घाट पर रामगंगा के जलस्तर में भी एक सेमी वृद्धि हो गई।
एक दिन पहले की तुलना में गर्रा में 70 सेमी और खन्नौत मेें 40 सेमी पानी कम हुआ है, लेकिन जहां कहीं जलस्तर में कमी आ रही हैं, वहां नदियां किनारे की उपजाऊ जमीनें अपने आगोश में समेट रही हैं। परौर क्षेत्र के कई गांवों के आसपास रामगंगा तेजी से भूमि कटान कर रही है। सिंचाई विभाग के अनुसार बांधों-बैराजों से रिलीज पानी की मात्रा लगातार कम हो रही है।
उत्तराखंड के किच्छा, बहगुल, धौरा समेत हरेली, खो, रामनगर, ढेला आदि बैराजों से रामगंगा में निकल रहे पानी की मात्रा 3045 क्यूसेक घटकर 5084 क्यूसेक हो गई है।
इसी तरह ड्यूनी डैम से गर्रा नदी मेें पानी की निकासी 1802 क्यूसेक घटकर 916 क्यूसेक हो गई है। गर्रा और उसकी सहायक खन्नौत नदी में पानी लगातार कम हो रहा है। जलस्तर बढ़ने के लिए गंगा रामगंगा को अपवाद माना जा सकता है, क्योंकि यह दोनों नदियां बैराजों समेत पहाड़ों पर हो रही बारिश का पानी समेटकर ला रही है।
फिलहाल, जिले की सभी नदियां खतरे के निशान से काफी नीचे खिसक आई हैं। गंगा खतरे के निशान से 1.40 मीटर नीचे, रामगंगा 1.49 मीटर, गर्रा 1.35 मीटर और खन्नौत 90 सेमी नीचे आ गई हैं। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित कई क्षेत्रों में तटीय गांवों के किसानों की कृषि योग्य जमीनों का कटान बढ़ने लगा है। परौर, मिर्जापुर, कुर्रियाकलां, खुदागंज आदि क्षेत्रों में नदियों के किनारे की जमीनें कट रही हैं। जहां कटान नहीं हो रहा, वहां फसलें चार दिन से पानी में डूबी होने से बरबाद हो रही हैं।
000
नदियों का जलस्तर (मीटर में) : एक नजर
-
नदी खतरे का निशान मौजूदा जलस्तर जलस्तर में वृद्धि/कमी
गंगा 143.65 142.25 + 0.05
रामगंगा 161.50 160.01 + 0.01
गर्रा 148.80 147.45 - 0.70
खन्नौत 145.75 144.85 - 0.40