शाहजहांपुर। महापौर, पार्षद के साथ नगर निकायों के अध्यक्ष और सदस्यों को 26 मई को शपथ दिलाई जाएगी। महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम खिरनीबाग स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होगा। मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना होंगे।
महापौर और 60 पार्षदों के अलावा जिले में तीन नगर पालिका अध्यक्ष, आठ नगर पंचायत अध्यक्ष और 187 सभासदों को शपथ ग्रहण करनी है। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि महापौर और पार्षदों की शपथ के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया है।
पार्षद अपने प्रमाणपत्र के साथ आएं ताकि उनके बैठने का स्थान सुनिश्चित किया जा सके और कोई परेशानी न हो। एडीएम प्रशासन संजय पांडेय ने बताया कि नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम तहसीलों में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर तैयारियों शुरू हो गईं हैं।