पुराना जिला अस्पताल स्थित सीएमओ कार्यालय परिसर में एनआरएचएम रिकार्ड आफिस में बृहस्पतिवार सुबह पंखे में हुई शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे विभागीय बाबू सरजू की कुर्सी के पास रखे रोजमर्रा वाले दस्तावेज, हो चुके पेमेंट वाली फाइलें, फर्नीचर और कंप्यूटर जल कर राख हो गए। विभागीय कार्मिकों व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बिजली कनेक्शन काटा और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। एनआरएचएम से संबंधित अहम फाइलें व दस्तावेज लोहे की आलमारियों में सुरक्षित देखने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। सुबह करीब सात बजे सफाई के लिए पहुंचे कर्मी ने एनआरएचएम वाले कमरे से धुआं निकलता देखा तो अधिकारियों व बाबू को सूचना दी। तुरंत ही विभिन्न विभागों के अधिकारी व कार्मिक तुरंत मौके पर पहुंचे। कमरे में लगा पंखा जलकर नीचे गिर चुका था जबकि ट्यूबलाइट व उसका चोक भी भस्म हो कर नीचे पड़े थे। सीएफएल बल्ब और खिड़की के शीशे चटखकर बिखर गए थे। सीएमओ डॉ. कमल कुमार ने बताया कि इस साल हो चुके पेमेंट वाले वो फाइलें या कागजात जले हैं जिनका ब्योरा स्कैन होकर विभागीय वेबसाइट पर अपलोड हो चुका है। इस आगजनी में एनआरएचएम से संबंधित अन्य सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों व फाइलों को सुरक्षित होने की उन्होंने पुष्टि की। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड वालों को नहीं बुलाना पड़ा था।