फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टेस्टिंग में ही कई जगह पाइपलाइन लीकेज, फिर से सड़क खोदकर होगी मरम्मत

विज्ञापन
शाहजहांपुर के रेती में पाइप लाइन ठीक करने को खुदाई करते मजदूर । संवाद - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। जलापूर्ति की उम्मीद लगाए बैठे रेती रोड के बाशिंदों को अभी और इंतजार करना होगा। पहले पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी। नवनिर्मित ओवरहेड टैंक से पानी सप्लाई की टेस्टिंग में लीकेज हो गए तो अब मरम्मत के लिए फिर से सड़कों को खोदा जाने लगा है। इससे न सिर्फ लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही, बल्कि पानी का इंतजार भी बढ़ गया है।
विज्ञापन

रेती रोड स्थित नवनिर्मित ओवरहेड टैंक से पानी सप्लाई की टेस्टिंग के दौरान रविवार को पाइपलाइन में लीकेज हो गया था। इस वजह से प्रमुख मार्ग के साथ गलियों में भी पानी भर गया। सोमवार को टेस्टिंग में लीकेज की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने पर जल निगम के इंजीनियर और कर्मचारी रेती स्थित ओवरहेड टैंक पर पहुंच गए। जूनियर इंजीनियर संतोष कुमार और साइट इंचार्ज चंद्र मौर्य ने टेस्टिंग के दौरान हुए लीकेज को ढूंढना शुरू किया।
इस बीच ओवरहेड टैंक के पीछे गली में कनेक्शन लाइन, गली नंबर 187 में ब्रांच लाइन, ग्रीन वेली स्कूल चौराहे के पास 10 नंबर गली में कनेक्शन और मनोकरण मंदिर के पास हाईवे पर ब्रांच लाइन में लीकेज पाया गया। लीकेज की मरम्मत का काम करने के लिए कर्मचारियों को लगा दिया गया। कर्मचारियों ने सड़क को खोद डाला और दिनभर लीकेज की मरम्मत में जुटे रहे। दोपहर दो बजे तक कनेक्शन लाइन के लीकेज को ठीक करवा दिया गया, अन्य स्थान पर काम जारी है।
विज्ञापन

पहले पाइपलाइन, अब मरम्मत के लिए खोदी जा रही सड़क
पहले पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया था। अब टेस्टिंग में पाइप लाइन फेल होने पर फिर से सड़क को खोदा जा रहा है। गलियों में पाइप लाइन के लीकेज को सड़क खोदकर दुरुस्त किया जा रहा है। इससे मोहल्ले वालों का आवागमन ही बंद हो गया। इनके अलावा भी दो-तीन लीकेज हैं, जोकि हाईवे पर होने की वजह से सड़क को खोदना पड़ेगा। बताया जाता है कि हाईवे की सड़क को खोदकर लीकेज ठीक करने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने पर रात में लीकेज ठीक किया जाएगा, जिससे आवागमन प्रभावित न हो।
30 अगस्त तक हैंडओवर करने की तैयारी
रेती रोड पर नवनिर्मित ओवरहैड टैंक की टेस्टिंग हो चुकी है, वर्तमान में पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन की टेस्टिंग का काम चल रहा है। रविवार को टेस्टिंग के दौरान पानी का प्रेशर अधिक होने के कारण कई जगह लीकेज हो गए। 30 अगस्त तक टेस्टिंग का काम पूरा करने के साथ ही नवनिर्मित ओवरहेड टैंक से पानी सप्लाई के लिए नगर निगम को हैंडओवर करने की तैयारी है।
सरायकाइयां में ओवरहेड टैंक व पाइपलाइन की हो चुकी टेस्टिंग
जल निगम की ओर से अमृत योजना के दूसरे चरण में शहर में छह स्थानों पर ओवरहेड टैंक बनाए हैं। इसमें आवास विकास, रेती, राजघाट पुलिस चौकी के सामने, सरायकाइयां, किला व कैंट क्षेत्र शामिल हैं। सरायकाइयां में नवनिर्मित ओवरहेड टैंक व पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और हैंडओवर की तैयार हो चुकी है। अन्य ओवरहेड टैंक व पाइप लाइन की टेस्टिंग होना बाकी है।
लक्ष्य 18 हजार का, दिए जा चुके 16 हजार कनेक्शन
शहर में नवनिर्मित ओवरहेड टैंकों से 18 हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य जल निगम को मिला था। इसमें से करीब 16 हजार कनेक्शन दिए जा चुके हैं। पहले यह काम दिसंबर में पूरा किया जाना था मगर कोरोना संक्रमण के कारण समय बढ़ गया।
रेती रोड स्थित ओवरहेड टैंक से पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान लीकेज को ठीक कराने का कार्य सोमवार को करवाया गया है। लीकेज ठीक करने के बाद दोबारा टेस्टिंग की जाएगी। पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद ओवरहेड टैंक को पानी सप्लाई के लिए हैंडओवर किया जाएगा। -संतोष कुमार, जेई, जल निगम।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें