शाहजहांपुर। जन समस्याओं की सुनवाई और उनके निस्तारण के लिए जनपद में अब तहसील स्तर पर संपूर्ण समाधान दिवस के आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम व तृतीय मंगलवार के बजाय पहले व तीसरे शनिवार को होंंगे। मुख्य सचिव के स्तर से जारी शासनादेश के अनुपालन में डीएम उमेश प्रताप सिंह ने तत्काल प्रभाव से यह बदलाव लागू कर दी। दिसंबर तक जनसुनवाई के लिए अधिकारियों का रोस्टर शुक्रवार को जारी कर दिया गया।
रोस्टर में सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह समेत एडीएम प्रशासन एवं वित्त और सभी एसडीएम को भी जन सुनवाई के तिथिवार दायित्व दिए गए हैं। घोषित रोस्टर के अनुसार, डीएम तीन अगस्त को पुवायां तहसील, 17 अगस्त को जलालाबाद, सात सितंबर को कलान, 21 सितंबर को सदर, पांच अक्तूबर को तिलहर, 19 अक्तूबर को पुवायां, दो नवंबर को जलालाबाद, 16 नवंबर को कलान, सात दिसंबर को सदर और 21 दिसंबर को तिलहर तहसील में प्रस्तावित संपूर्ण समाधान दिवस में स्वयं मौजूद रहेंगे। संपूर्ण समाधान दिवस के बाद डीएम उसी दिन संबंधित तहसील में जिला विकास अधिकारी द्वारा चिह्नित किसी एक गांव का भ्रमण कर वहां विकास कार्यों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद करेंगे।