शाहजहांपुर। किसी विद्यालय में कम जगह होने पर अपरिहार्य स्थिति में संयुक्त कक्षा शिक्षण कार्य कराया जाता है। अभी तक सभी बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाया जा रहा था, लेकिन अब ऐसी स्थिति में दो कक्षाओं के बच्चों को एक कक्ष में अलग-अलग बैठाने की व्यवस्था करनी होगी।
इस संबंध में बीएसए रणवीर सिंह ने प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिस कक्षा में शिक्षक उपस्थित नहीं है, उसमें वर्क ऑर्डर, चर्चा के लिए दिए जाने वाले विषय आदि गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का ध्यान कक्षा-कक्ष में केंद्रित कराना होगा। समयावधि के समाप्त होने पर विषय वस्तु का एकीकरण कर बच्चों द्वारा किए गए कार्यों की जांच करें।
शिक्षक गाइड में दी गई शिक्षण विधि का प्रभावी प्रयोग करें। प्रतिदिन पढ़ाए जाने वाले पाठ्यक्रम को एक दिन पहले से ही निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षक डायरी में दर्ज करनी होंगी गतिविधियां
परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को अपनी शिक्षक डायरी प्रत्येक समयावधि में होने वाले कार्य/शिक्षण अधिगम प्रक्रिया गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण भी दर्ज करना होगा। शिक्षक गाइड से संबंधित पाठ बोलने के संबंध में विषय, सप्ताह एवं दिन का हवाला दिया जाए। समयावधि के बाद जरूरी टिप्पणी भी आवश्यक रूप से अंकित करें।