खुटार। नगर की मुख्य रोड पर स्थित दुर्गा आर्म्स स्टोर स्वामी हरीशंकर अवस्थी के घर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में नोटिस चस्पा किया गया। शस्त्र दुकान में रखे असलहों की गिनती कर सूची बनाई जानी है।
हरीशंकर के खिलाफ फर्जी शस्त्र लाइसेंस के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके बाद अगस्त 2019 में दुकान को सील कर दिया गया था। दुकान में तमाम लोगों के शस्त्र जमा थे, जो दुकान में ही बंद हैं। इसके अलावा नए शस्त्र और कारतूस आदि भी दुकान में ही बंद हैं।
जिला मजिस्ट्रेट ने 25 अगस्त को दुकान स्वामी हरीशंकर अवस्थी को नोटिस भेजकर दुकान में रखे शस्त्रों की सूची बनवाने के लिए मौके पर मौजूद रहकर दुकान खोलने के लिए कहा था। दुकान स्वामी की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया था। मंगलवार को नायब तहसीलदार अमित कुमार और लेखपाल अनुराग कुमार खुटार पुलिस के साथ हरिशंकर के आवास पर पहुंचे। उनके न मिलने पर मकान पर नोटिस चस्पा कर दिया। नोटिस में तीन दिन के अंदर दुकान में रखे असलहों का मिलान कर सूची बनवाने के लिए कहा गया। दुर्गा आर्म्स स्टोर के स्वामी हरीशंकर अवस्थी ने बताया कि मैं बाहर गया था। नोटिस में स्पष्ट नहीं है कि दुकान में रखे शस्त्र सुपुर्दगी में लेने हैं या देने हैं। अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।