बैठक में संबंधित अधिकारी को निर्देश देते डीएम। प्रशासन
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिले में संचालित 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं के कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान डीएम ने धीमी गति से चल रहीं परियोजनाओं पर नाराजगी जताई और संबंधित संस्था को नोटिस जारी किए।
डीएम ने कहा कि परियोजनाओं के पूर्ण होने के उपरांत कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते हुए हस्तांतरण की कार्यवाही की जाए। उन्होंने शहबाजनगर और ग्राम घुसगवां में गो संरक्षण केंद्र के निर्माण कार्य में देरी पर सीवीओ से नाराजगी जताई। यूपीसीएलडीएफ अधिशासी अभियंता को जवाब-तलब करने और गो संरक्षण केंद्र के कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश एसडीएम सदर को दिए। बहुद्देशीय सामुदायिक केंद्र के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त कर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को नोटिस जारी करने के लिए कहा। प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत राजकीय इंटर कॉलेज, कलान, अहमदपुर, चांदापुर, पड़ैचा, तिलहर और शाहजहांपुर में चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट 10 दिनों में उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। नागतारा पौराणिक मंदिर के पर्यटन विकास के निर्माण कार्य में देरी और शहीद करतार सिंह पार्क की धीमी गति पर संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी किए। उप्र सेतु निगम द्वारा ददरौल में हटादलेलपुर, धन्योरा में गर्रा नदी सेतु पहुंच मार्ग के तेज गति से कार्य किए जाने पर डीएम ने सराहना की। बैठक में सीडीओ एसबी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बाबू लाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।