परौर। मदनापुर से कलान होते हुए पड़ोसी जनपद बदायूं की सीमा पर गढि़या छवि तक जाने वाले प्रमुख जिला मार्ग का 112 करोड़ से चौड़ीकरण और मरम्मत होगी। मार्ग चौड़ा हो जाने के बाद वाहन तो फर्राटा भरेंगे ही, इससे जुड़े तीन दर्जन से अधिक गांवों के विकास को भी रफ्तार मिलेगी। करीब 41 किमी लंबे इस मार्ग को चौड़ा बनाने के लिए लोक निर्माण मंत्री ने आठ करोड़ की पहली किस्त भी जारी कर दी है।
आसपास गावों के लोगों का कहना है कि आवागमन सुविधाजनक होने से निकटवर्ती जनपदों के बीच कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। कलान तहसील के अति पिछड़े क्षेत्र के खाई-गड्ढों में तब्दील हो चुके इस सिंगल रोड के चौड़ीकरण और रामगंगा के परौर घाट पर पक्के पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ने से पिछड़ापन दूर हो जाएगा। सिंगल ऊबड़-खाबड़ रोड के चौड़े होने से मदनापुर, बुधुआना, शमशीपुर, परौर, कलान, सथरा, विक्रमपुर, मंथरा, आंधीदेई, नौसना, कश्यप मढ़ैया, महमदियापुर, फाजिलपुर, सिकंदरपुर, कुल्लाहा, पंखाखेड़ा, बरुआ, कोना याकूबपुर, मझोला, कौमी, कुबेरपुर, मलेवा, मिश्रीनगरा आदि गांवों के लोगों को यातायात की बेहतर सुविधा मिलेगी। अटेना गांव के पास गंगा पर बने पुल से यात्री फर्रुखाबाद, बदायूं, एटा की ओर जा सकेंगे।
परौर से लेकर गढि़या छवि तक सड़क बहुत खराब है। सड़क बन जाने से कटरी क्षेत्र का विकास होगा साथ-साथ आवागमन में भी काफी सुविधा हो जाएगी। यह सड़क रामगंगा व गंगा के दोनों तरफ से जुड़ेगी। इसलिए अब मदनापुर से कलान होकर गढि़या छवि और अजीजगंज से मदनापुर होकर सड़कें बन जाने से क्षेत्र की तेजी से तरक्की होगी। - शील बाबू गुप्ता, कलान
परौर से लेकर कलान तक मार्ग बेहद खराब है। जलभराव होने से कई जगह सड़क टूट गई है। अब परौर से गढि़या छवि तक सड़क बनने से कटरी क्षेत्र लाभान्वित होगा और मदनापुर मार्ग चौड़ा होने पर कटरी क्षेत्र की पूरी पट्टी में बसे गांवों की दशा सुधर जाएगी। इन दोनों सड़कों की लंबे समय से मांग हो रही थी। - डॉ. कृष्ण मुरारी मिश्रा, कौमी (परौर)
वर्जन
मदनापुर-कलान-गढि़या छवि मार्ग जिन गांवों से होकर गुजरता है, वहां आबादी वाले भाग में सीसी रोड बनाई जाएगी। घरों के पानी के निकास के लिए आबादी क्षेत्र में नालियां भी बनेंगी। वर्तमान में यह सड़क 3.45 मीटर चौड़ी है, इसे अब सात मीटर चौड़ा कर डबल लेन किया जाना है। - रथिन सिन्हा, अधिशासी अभियंता, लोनिवि (निर्माण खंड-1)
कलान परौर मार्ग के ग्राम कौमी में टूटी सड़क पर भरा पानी । संवाद
कलान परौर मार्ग के ग्राम कौमी में टूटी सड़क पर भरा पानी । संवाद