शाहजहांपुर। निगोही में विवादित जमीन को लेकर सपा प्रतिनिधि मंडल के सामने पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा को जान से मारने की धमकी देने के मामले में 13 दिन के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। रोशन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री, डीजीपी और प्रमुख सचिव से मुलाकात करेंगे।
रोशन लाल ने एक बार फिर से एसपी अशोक कुमार मीणा को प्रार्थना पत्र दिया है।
20 जून को सपा प्रतिनिधि मंडल विवादित जमीन का निरीक्षण करने गया था। आरोप है कि वहां सत्ता पक्ष के लोगों ने पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा को घेरकर अभद्रता की थी। प्रतिनिधि मंडल ने डीएम उमेश प्रताप सिंह को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी। दूसरे पक्ष ने पूर्व विधायक व उनके बेटों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी। कार्रवाई नहीं होने पर पूर्व विधायक रोशन लाल ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि सत्ता पक्ष के लोगों ने गिरोह बनाकर घेर लिया और जातिसूचक गालियां दी थी। पूरी घटना के साक्ष्य के रूप में वीडियो उनके पास हैं। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यूपी के सीएम, डीजीपी व प्रमुख सचिव से मुलाकात के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने मामले को रखेंगे। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि अभी उनके पास प्रार्थना पत्र नहीं आया। पत्र आने पर जांच की जाएगी।