पुवायां। सीएचसी के मैटरनिटी विंग में नवजात की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। हालांकि अभी तहरीर नहीं दी गई है। गांव आयूं के मोहित की पत्नी मैना देवी को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी के मैटरनिटी विंग में बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे भर्ती कराया गया था। तीन बजे मैना देवी ने पुत्र को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही देर में नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजन डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। बाद में परिजन बच्चे को शव को लेकर घर चले गए। परिजनों ने इस संबंध में बात करने से मना कर दिया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्रपाल ने बताया कि सामान्य प्रसव हुआ था। कुछ देर बाद बच्चे का शरीर नीला पड़ गया था। सूचना पर डॉक्टर ने बच्चे का इलाज किया था, लेकिन धड़कने कम होने के कारण बच्चे की मौत हो गई। लापरवाही का आरोप निराधार है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले की तहरीर मिलने की जानकारी नहीं है। तहरीर दी गई है तो जांच कराई जाएगी। संवाद