कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगसरा स्थित घर के वाहर से लापता नवजोत सिंह की बरामदगी के लिए मंगलवार को दिल्ली पलिया स्टेट हाईवे पर दो घंटे तक चक्का जाम किया गया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। मामले में लापरवाही बरतने पर पुवायां के कोतवाली प्रभारी के निलंबन की मांग की गई। एसपी केबी सिंह ने मौके पर पहुंचकर खुद मोर्चा संभाला और नवजोत का जल्द ही पता लगाने का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। गौरतलब है कि गांव गंगसरा निवासी उपजीत सिंह का 20 वर्षीय पुत्र नवजोत सिंह 19 अगस्त की रात साढ़े आठ बजे अपनी बहन से बात करते हुए घर से बाहर निकला था। इसके बाद से वह गायब है। रविवार रात नौ लोगों के खिलाफ बमुश्किल रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सोमवार रात ही क्षेत्र के तमाम गुरुद्वारों से एनाउंस कर गंगसरा पहुंचकर उपजीत सिंह का समर्थन करने की अपील की गई थी। मंगलवार सुबह खुटार, बंडा और पुवायां क्षेत्र से भारी संख्या में लोग गंगसरा गांव आ पहुंचे और खुटार पुवायां मार्ग पर चक्कर जाम कर दिया। एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने कहा कि नवजोत की बरामदगी नहीं होने तक वे लोग जाम नहीं खोलेंगे। एसपी केबी सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने नवजोत के पिता सहित तमाम लोगों से बात की। एसपी ने कहा कि नवजोत का हर हालत में जल्द ही पता लगा लिया जाएगा, इसके लिए जिले के तेजतर्रार दरोगा और सिपाहियों को लगाया है। एसपी के समझाने के बाद नवजोत के पिता की अपील पर लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस को चेतावनी दी गई कि 24 घंटे में नवजोत का पता नहीं चला तो 24 अगस्त को फिर से चक्का जाम कर दिया जाएगा।