शाहजहांपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के परिणाम शनिवार को जारी किए गए। इसमें शाहजहांपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता की रैंकिंग में 72वां स्थान प्राप्त किया है। इससे पहले वर्ष 2021 में शाहजहांपुर की 98वीं रैंक थी। रैंकिंग में काफी सुधार होने से नगर निगम के अधिकारी गदगद हैं। उनका कहना है कि नगर निगम की सक्रियता और लोगों की जागरूकता की वजह से शाहजहांपुर की रैंकिंग में सुधार हुआ है।
शाहजहांपुर का दूसरा मौका है, जब वह टॉप-100 में शामिल हुआ है। इससे पहले साल 2020 में शाहजहांपुर देश में 107वें स्थान पर था। साल 2018 में नगर निगम बनने के बाद पहली बार स्वच्छता रैकिंग में शाहजहांपुर 308वें नंबर पर था। जिसके बाद लोगों में जागरूकता बढ़ी। व्यापारियों से लेकर आम व्यक्ति तक ने कचरा प्रबंधन का महत्व समझा। लोगों ने सड़क पर न फेंककर कचरा गाड़ी में डालना चालू किया। डोर टू डोर कचरा एकत्र करने के लिए नगर निगम ने प्रत्येक वार्ड में वाहन भेजे। सर्वेक्षण टीम और ऑन लाइन एप के माध्यम से शहर के लोगों ने अच्छा फीडबैक दिया। गीले और सूखे कचरे को डालने के लिए अलग-अलग डस्टबिन का इस्तेमाल किया गया।
---
अब हमारा लक्ष्य टॉप-10 में शामिल होना : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि पिछली रैंकिंग की तुलना में इस बार शाहजहांपुर ने सुधार किया है। उन्होंने बताया कि यह वर्ष 2022 की रैंकिंग है। इस बार हम ऑल इंडिया में टॉप-10 में आने का प्रयास करेंगे।