कलान। विधवा मां ने परिवार का भरष-पोषण करने के साथ बेटे की बाइक की मांग पूरी करने पर असमर्थता जता दी। इससे नाराज बेटे ने हाथ की नस काट ली। उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से शहर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
कलान थाना क्षेत्र के गांव सनाय निवासी प्रेमचंद्र की करीब चार साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उनकी पत्नी केतकी दो बेटों का भरष-पोषण खुद करती हैं। शुक्रवार को 20 वर्षीय बेटे जयकरन ने बाइक की मांग शुरू कर दी। केतकी ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए मजबूरी जताई। कहा कि दोनाें भाई मिलकर खुद गाड़ी खरीद लेना। इससे जयकरन नाराज हो गया और गुस्से में आकर हाथ की नस काट ली।
खून निकलता देखकर परिवार में खलबली मच गई। तुरंत ही 108 नंबर एंबुलेंस को सूचना दी गई। उसे पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।