राजकीय मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी के पीछे बना कूड़ाघर। संवाद
शाहजहांपुर। मच्छरजनित रोगों से बचने और शुद्ध पानी का सेवन कर बीमारियों से बचाव की सलाह देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की कॉलोनी में गंदगी खत्म नहीं हो रही। क्वार्टरों में दूषित पानी आ रहा है। साथ ही सड़कों पर पानी भरे होने से मच्छर पनपने लगे हैं। वहीं अस्पताल की इमरजेंसी के पीछे कूड़े का ढ़ेर लगा है।
जिले में वायरल बुखार के प्रकोप की वजह से लोग परेशान हैं। जनवरी से अभी तक 317 मलेरिया के रोगी सरकारी आंकड़ों में दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त मलेरिया के लक्षण वाले मरीजों की भरमार है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुखार के मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। उनसे सफाई और शुद्ध पानी का सेवन करने पर जोर दिया जा रहा। इसके विपरीत तस्वीर अस्पताल परिसर की है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद अस्पताल की कॉलोनी के क्वार्टरों में साफ पानी तक नहीं पहुंच रहा। टंकी से आने वाला पानी पीला और दूषित है। यह पीने के योग्य नहीं है। ऐसे में कर्मचारियों को अपने स्तर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
बताते हैं कि कई जगह से पाइप लाइन लीकेज हो गई थी। उसे ठीक करा दिया, लेकिन शुद्ध पानी अभी तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसी तरह ट्रामा सेंटर के पीछे ही कूड़े का ढ़ेर लगा है। उसमें पानी भी भरा है। इससे मच्छर और लार्वा भी पनप रहा है। कॉलोनी की सड़कें टूटी होने के चलते कई जगहों पर पानी भरा पड़ा है। सड़क के दोनों ओर झाड़ियों का कटान भी लंबे समय से नहीं हो पा रहा है।
-पानी की पाइप लाइन लीकेज होने के कारण समस्या आई थी। उसे सही करा दिया गया है। पानी की टंकी की सफाई भी कराई जाएगी।
डॉ. एमपी गंगवार, चिकित्सा अधीक्षक-राजकीय मेडिकल कॉलेज
राजकीय मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी के पीछे बना कूड़ाघर। संवाद
राजकीय मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी के पीछे बना कूड़ाघर। संवाद