तिलहर के मोहल्ला मौजमपुर में होम विजिट मतदान करती 89 वर्षीय वृद्ध महिला रमाकांति अग्रवाल। स्रोत
शाहजहांपुर। लोकसभा और ददरौल विधानसभा उपचुनाव में दिव्यांगों और 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए शनिवार को टीमों ने घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट से मतदान कराया।
170 मतदाताओं में लोकसभा चुनाव के लिए 134 लोगों ने मतदान किया। विधानसभा चुनाव में 19 लोगों ने मतदान किया। इसमें कटरा विधानसभा में 41 में 29 ने, जलालाबाद में 28 में 25 ने, तिलहर में 23 में 23 ने, पुवायां में 27 में 20 ने, शाहजहांपुर में 23 में 18 ने, ददरौल में 28 में 19 लोगों ने मतदान किया। ददरौल में 19 मतदाताओं ने लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान किया। जो लोग मतदान नहीं कर पाए हैं, उनके घरों में छह मई को टीमें जाएंगी।
कार्मिकों ने फैसीलिटेशन सेंटर में किया मतदान
सेंट पॉल्स स्कूल में शनिवार को कार्मिकों के मतदान के लिए फैसीलिटेशन सेंटर बनाया गया था। पहले दिन लोकसभा चुनाव के लिए 574 कार्मिकों ने पोस्टल बैलट से मतदान किया। जबकि ददरौल विधानसभा उपचुनाव में 124 कार्मिकों ने मतदान का प्रयोग किया। विशेष सेवाओं के लिए कलक्ट्रेट में बनाए गए बूथ में 19 लोगों ने लोकसभा चुनाव के लिए और एक वोट ददरौल विधानसभा का चुनाव के लिए किया।