खुटार। खुटार थाने में तैनात रहे उर्दू अनुवादक मोहम्मद युसुफ ने थाने के पास ब्रह्मदेव बाबा स्थान पर चबूतरा निर्माण कराने के साथ ही शिव मंदिर बनवाया। इसमें बुधवार को शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा कराई। उनके धार्मिक कार्य की लोग प्रशंसा कर रहे हैं।
मोहम्मद युसूफ खुटार थाने में कई वर्ष तक उर्दू अनुवादक के पद पर कार्यरत रहे हैं। थाने के पीछे पीपल का पेड़ हैं, जहां तमाम लोग ब्रह्मदेव बाबा की पूजा अर्चना करते हैं। मोहम्मद युसुफ ने यहां अपने खर्च से चबूतरे का निर्माण कराया था। इसके बाद पास में एक शिव मंदिर का निर्माण कराया और बुधवार को पूरे धार्मिक अनुष्ठान से शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा कराई।
नैमिषारण्य धाम के बृजेश शुक्ला, श्रीराम वाजपेयी, गगन मिश्रा, सोनम अवस्थी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मंदिर में भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश आदि की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। शाम को मंदिर परिसर में भंडारा कराया गया। तमाम श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा अर्चना की और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।