चिराग गुप्ता का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलहर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कुंवरगंज निवासी चिराग गुप्ता (27) और उनके दोस्त आयुष्मान पांडेय की कार पेड़ से टकरा गई जिसमें घायल हो गए। बरेली ले जाते समय चिराग की मौत हो गई।
मोबाइल कंपनी में कार्यरत चिराग मीरानपुर कटरा में काम कर रहे थे। बृहस्पतिवार को वह थाना क्षेत्र के मोहल्ला निजामगंज निवासी आयुष्मान पांडे के साथ कार से तिलहर लौट रहे थे। तिलहर-कटरा के बीच गांव बतलैया में राधा स्वामी सत्संग भवन के समीप सड़क के किनारे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। कार चला रहे चिराग गुप्ता और आयुष्मान पांडे घायल हो गए। इस बीच कटरा से लौट रहे भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण यादव चैनू ने हादसे को देखकर अपनी कार रोक दी। उन्होंने कार में फंसे चिराग गुप्ता और आयुष्मान को निकालकर अपनी गाड़ी से सीएचसी भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चिराग गुप्ता को उनके परिजन बरेली लेकर जा रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई। जबकि आयुष्मान को राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है। दूसरी ओर धनेगा गांव के पास गांव रमापुर दक्षिणी जा रहे 45 वर्षीय पूरन की बाइक में पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मारकर घायल कर दिया। संवाद