शाहजहांपुर। जलालाबाद विधानसभा के विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने पोस्टमार्टम हाउस पर रात के समय होने वाले पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी के लिए मृतक के परिजनों से रुपये लेने पर एतराज जताया। उन्होंने वीडियोग्राफी के लिए उपकरण उनकी विधायक निधि से खरीदने के लिए सीडीओ को पत्र भेजा है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज से कुछ दूरी पर पोस्टमार्टम हाउस बना है। यहां शाम पांच बजे तक ही पोस्टमार्टम होता है। उसके बाद डीएम के निर्देश के बाद आपात स्थिति में पोस्टमार्टम की व्यवस्था रहती है। रात के समय पोस्टमार्टम कराने पर वीडियोग्राफी भी कराई जाती है। उसका खर्च छह हजार रुपये मृतक के परिजनों से लिया जाता है। विधायक हरिप्रकाश वर्मा के सामने यह मामला आने के बाद उन्होंने संज्ञान लिया। हरिप्रकाश ने सीडीओ एसबी सिंह को पत्र भेजकर कहा है कि वीडियोग्राफी के लिए उपकरण उनकी विधायक निधि से खरीदकर पोस्टमार्टम हाउस को उपलब्ध कराए जाएं।
विभाग की ओर से पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टर उपलब्ध कराया जाता है। वीडियोग्राफी के लिए छह हजार रुपये लेने का डॉक्टरों से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस रुपये लेकर वीडियोग्राफी कराती है। यह व्यवस्था पहले से चली आ रही है। - डॉ. आरके गौतम, सीएमओ
कई लोगों से रात में पोस्टमार्टम कराने पर वीडियोग्राफी के नाम पर डॉक्टरों ने रुपये मांगे हैं। इस मामले को शासन स्तर तक लेकर जाएंगे। डीएम से आदेश कराने के बाद भी परिजनों द्वारा वीडियोग्राफी के लिए रुपये न देने पर एक शव का पोस्टमार्टम नहीं किया गया था। - हरिप्रकाश वर्मा, विधायक, जलालाबाद