शाहजहांपुर। शहर में प्रमुख स्थानों पर लगी गारद के सिपाही नेताओं व अधिकारियों की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही बरत रहे हैं। रविवार देर रात सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह ने गारद की चेकिंग की तो 26 सिपाही गैरहाजिर मिले। फोन पर संपर्क साधने पर अधिकतर अपने घरों पर सोते मिले। सीओ सिटी ने सभी को गैरहाजिर करते हुए कार्रवाई की तैयारी की है।
सुरक्षा के लिहाज से नेताओं व अधिकारियों के यहां गारद लगाई गई है। हर गारद में तीन से पांच सिपाही होते हैं। रविवार रात सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह ने गारद के सिपाहियों को चेक किया तो बड़ी चूक सामने आई। मंत्री सुरेश खन्ना और जितिन प्रसाद के आवास पर लगी गारद के पांच सिपाहियों में मात्र एक ही उपस्थित मिला। ट्रेजरी कार्यालय समेत कई प्रमुख जगहों को मिलाकर 26 सिपाही गैरहाजिर मिले हैं। सीओ सिटी ने अनुपस्थित कर्मचारियों को सूचीबद्ध करते हुए कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
सुरक्षा में तैनात सिपाही चला गया फिल्म देखने
सीओ सिटी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णाराज के आवास पर लगी गारद को चेक किया। यहां से सिपाही गायब मिला था। इसके अलावा एक अन्य अधिकारी के घर पर तैनात सिपाही भी नहीं मिला। दोनों से लोकेशन पूछी तो बताया कि फिल्म देखने गए थे।
लोकेशन मिली बाहर, तलब की ड्यूटी की स्थिति
चेकिंग के दौरान गायब सिपाही अपने कमरों में आराम करते हुए मिले हैं। जबकि कुछ सिपाहियों ने ड्यूटी पर तैनात होने के बाद भी जिला मुख्यालय के बाहर चले गए। सीओ सिटी ने सारे सिपाहियों की ड्यूटी का चार्ट तलब कर निर्देश दिए हैं।
गारद की चेकिंग की गई थी। इसमें जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर लगे 26 सिपाही गायब मिले हैं। सिपाहियों को तलब कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - अखंड प्रताप सिंह, सीओ सिटी