एक वर्ष में बनकर तैयार होगा खन्नौत पर डबल लेन पुल
लोधीपुर में खन्नौत नदी पर 106 मीटर लंबा डबल लेन पुल बनाने के लिए नामित कार्यदायी संस्था उप्र राज्य सेतु निर्माण निगम के मंडल परियोजना प्रबंधक रविदत्त कुमार ने कहा लोधीपुर में खन्नौत नदी के पुराने पुल के दोनों ओर डबल लेन वाली सड़क फोर लेन बनाई जा चुकी है, लेकिन पुल पर सिर्फ दो लेन होने से दो लेन वाला अतिरिक्त पुल बनना आवश्यक हो गया है। इस पुल के बन जाने से शहर सहित क्षेत्र के लोगों को आवागमन में आसानी हो जाएगी। एक वर्ष में पुल और उससे जुड़ने वाली सौ मीटर लंबी सड़क के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
छह माह में बनेगा कैंट बाईपास, घटेगी दूरी
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एसके तिवारी ने बताया कि छावनी क्षेत्र में एसपी आवास के पास से निकलकर मोहम्मदी (खीरी) मार्ग से जुड़ने वाले छह किमी लंबे कैंट बाईपास मार्ग का चौड़ीकरण कार्य छह माह में पूरा हो जाएगा। अभी यह मार्ग तीन मीटर चौड़ा है, जिसे 5.5 मीटर चौड़ा किया जाएगा। मऊ खालसा, मऊ कैंट, मऊ बासक, बसुलिया, तिउलक, हथौड़िया आदि आठ गांवों के 50 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मोहम्मदी, गोला, लखीमपुर खीरी समेत सीतापुर, हरदोई आदि जाने वालों इस मार्ग से निकलने पर 10 से 12 किमी दूरी भी कम तय करनी पड़ेगी।