शाहजहांपुर। एमईएस (मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज) के अंतर्गत आने वाले सभी मार्ग छावनी परिषद को स्थानांतरित किए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। इसके पश्चात सभी मार्गों की मरमत छावनी परिषद कराएगी। इनमें महाराणा प्रताप रोड, रानी लक्ष्मीबाई रोड आदि शामिल हैं। इस मार्गों की स्थिति काफी खराब है। गहरे गड्ढों से वाहनों चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इमली रोड स्थित शहीद वीर अब्दुल हमीद पार्क से पुवायां रोड को जाने वाली महाराणा प्रताप सड़क पर गड्ढों की भरमार है। सड़क न के बराबर ही बची है। जबकि इस रोड पर दिनभर वाहनों का आवागमन बना रहता है। गड्ढों की वजह से वाहन चालकों को ही नहीं राहगीरों को पैदल चलने में भी दिक्कत होती है। इसी तरह से रानी लक्ष्मीबाई रोड भी गड्ढों में तब्दील हो रही है। इनके अलावा करियप्पा मार्ग, शिवाजी मार्ग, पंत मार्ग, सुभाष रोड भी हैं, जिनकी स्थिति ठीक नहीं है। अभी तक ये सभी मार्ग एमईएस (मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज) के अंडर में हैं। इनकी मरम्मत नहीं हो पा रही थी, जिस पर मार्गों को एमईएस से छावनी परिषद को स्थानांतरित किए जाने की मांग काफी समय से हो रही है।
पूर्व उपाध्यक्ष ने की सहायक दुर्ग अभियंता से मुलाकात
- कैंट के पूर्व उपाध्यक्ष अवधेश दीक्षित तथा गजेंद्र गंगवार द्वारा इन मार्गों की मरम्मत कराए जाने के लिए पहले तो कई बार एमईएस को ज्ञापन दिए। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मार्गों को छावनी परिषद को स्थानांतरित किए जाने की मांग की गई। गजेंद्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को फिर एमईएस के सहायक दुर्ग अभियंता संदीप से मुलाकात की गई। उन्होंने जानकारी दी है कि एमईएस के अंतर्गत आने वाली सभी सिविल एरिया के मार्ग छावनी परिषद को स्थानांतरित किया जा रहा है, जिसकी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।