फिर चढ़ा पारा, गर्मी में बढ़ोत्तरी
थर्मामीटर का पारा रविवार को फिर से चढ़ गया। इस कारण भीषण गर्मी में लोग बेहाल हो गए और सुकून पाने के लिए छायादार स्थान तलाशते रहे। शनिवार को सुबह तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी होने से धूप की तपिश हल्की पड़ गई और तापमान भी गिरकर 36.6 डिग्री सेल्सियस रह गया। हालांकि, दोपहर बाद धूप खिलने से वातावरण की नमी उमस बनकर जनजीवन को परेशान करने लगी। गर्मी से सताए लोगों को रात में थोड़ी राहत मिली, लेकिन रविवार को सूर्योदय के बाद सूरज ने आसमान का सफर तय करना शुरू किया तो गर्मी में भी इजाफा होने लगा। गन्ना शोध परिषद के मौसम विज्ञानी डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटे की तुलना में 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान रिकार्ड किया गया।