शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवादा इंदेपुर निवासी राजेश कुमार की पत्नी 32 वर्षीय आरती ने फंदे से लटककर जान दे दी। ड्यूटी से लौटे पति ने दूसरे मकान की छत से घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे के अंदर उनका शव लटका था। आरती काफी समय से मानसिक रूप से बीमार थीं।
राजेश एक डिग्री कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। सोमवार को राजेश ड्यूटी पर चले गए। इसके बाद आरती ने कमरे में कुंडे में रस्सी का फंदा बांधकर आत्महत्या कर ली। दोपहर बाद घर लौटे राजेश कुमार को दरवाजा बंद मिला। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह पड़ोसी की छत से होकर घर में पहुंचे तो कमरे में आरती का शव फंदे से लटका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के अनुसार आरती मानसिक रूप से बीमार थीं। उनका कई महीने से इलाज चल रहा था।