पुवायां। आरोपी को पकड़े जाने के 24 घंटे के अंदर कोर्ट में पेश करना होता है, लेकिन पुवायां पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में दो लोगों को 36 घंटे बाद कोर्ट में पेश किया। सीओ ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
गांव मुकीमपुर निवासी टिल्लू ने 22 अगस्त को गांव के ही सात लोगों पर उसे और पिता, मां को पीटकर घायल करने और जान से मारने की नीयत से फायर करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने नामजद बाबूजी और अंशु शुक्ला को 22 अगस्त की सुबह ही पकड़ लिया था, शाम 4.40 पर मेडिकल के लिए पुवायां सीएचसी भेजा गया। मेडिकल के बाद दोनों को एसडीएम कोर्ट में पेश न कर वापस थाने लाकर बिठा दिया गया। शुक्रवार को दिन में तीन बजे दोनों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, लेकिन मेडिकल एक दिन पहले का होने के कारण एसडीएम ने आरोपियों का फिर से मेडिकल कराने को कहा।
फिर से मेडिकल कराने को पुवायां सीएचसी पहुंचने पर फार्मासिस्ट ने पुलिस को बताया कि सीएचसी पर आज कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं है। इसके बाद सिंधौली सीएचसी ले जाकर मेडिकल कराने के बाद एसडीएम कोर्ट में पेश किया, तब दोनों को जमानत मिल सकी।
- दो बार मेडिकल कराने और आरोपियों को देर से कोर्ट में पेश करने की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी।
पंकज पंत, सीओ पुवायां