ढाईघाट में गंगा के जलभराव वाली पहली धारा में बनी अस्थाई पुलिया। स्रोत: जागरुक पाठक
मिर्जापुर। ढाईघाट में चल रहे माघ मेला रामनगरिया का दूसरा प्रमुख पर्व मौनी अमावस्या शुक्रवार को है। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचेगा। इसके लिए बुधवार को जिला पंचायत प्रशासन सुविधाओं को दुरुस्त करने में जुटा रहा। मेला प्रशासन ने वाहनों की पार्किंग के लिए एक लाख रुपये में किसानों के खेत ठेके पर लिए हैं।
मेला बाबू अनिल कुमार द्विवेदी ने बताया कि पार्किंग के लिए द्विस्तरीय व्यवस्था की गई है। बड़े वाहनों की पार्किंग मेले से लगभग एक किलोमीटर पहले और छोटे वाहनों की पार्किंग मेले से पांच सौ मीटर पहले खेतों पर होगी। गंगा के जलस्तर में चार दिन से लगातार वृद्धि हो रही है। इससे लगभग दो फीट की गहराई में जलभराव हो गया है। यहां से श्रद्धालुओं के निकलने के लिए तीन अस्थायी पुलियों का निर्माण करवाया गया है। गंगा घाट पर भी साफ-सफाई के साथ ही मजबूत बेरिकेडिंग की गई है। पेयजल के लिए हैंडपंपों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। डीएम ने मेला मजिस्ट्रेट का दायित्व एसडीएम कलान महेश कुमार कैथल और सहायक मेला मजिस्ट्रेट तहसीलदार कलान अजहर अंसारी को सौंपा है।