शाहजहांपुर। छावनी क्षेत्र में एसपी के बंगले से मऊ वासक मार्ग काफी जर्जर हो चुका है। इसका निर्माण पूर्व में पीडब्ल्यूडी के माध्यम से करवाया जा रहा था, जिसको सेना के हस्तक्षेप के बाद रोक दिया गया। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण को दोबारा स्वीकृति मिल सकेगी।
मऊ वासक गांव के सैकड़ों लोगों को शहर में आने व जाने के लिए छावनी क्षेत्र की सुभाष मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है, जो पूरी तरह से जर्जर और गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इस मार्ग से आम आदमी ही नहीं बल्कि सेना के जवान, स्कूल व कॉलेज के छात्र-छात्राओं का आवागमन भी होता है, जिनको भी दिक्कत होती है। बताया जाता है कि इस मार्ग का तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने निर्माण कार्य शुरू करवाया था, लेकिन सेना के हस्तक्षेप पर निर्माण कार्य रोक दिया गया।
छावनी परिषद के नामित सदस्य अवधेश दीक्षित ने बताया कि सुभाष मार्ग के निर्माण के लिए उन्होंने मंत्रालय में संपर्क साधा है, जहां से सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना है। इस महीने के अंत तक मार्ग के निर्माण के लिए स्वीकृति मिल सकती है। उसके बाद कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इसका लाभ मऊ वासक के ग्रामीणों के साथ ही छावनी क्षेत्र व उससे जुड़े इलाकों के लोगों को भी मिल सकेगा।