तिलहर। संदिग्ध परिस्थितियों में राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराई गई विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की पुलिस से गुहार लगाई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव गोबर संडा निवासी राजेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री आरती का विवाह लगभग नौ साल पहले गुलाम खेड़ा गांव के एक युवक से किया था। आरोप है कि गत सप्ताह आरती की उसके पति, सास और अन्य लोगों ने पिटाई कर दी। उसके पेट में घूंसे मारे, जिससे उसकी हालत खराब हो गई। बाद में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गत शनिवार को उसकी मौत हो गई।
उधर, मृतका के पति ने बताया कि पत्नी आरती को बुखार आ गया था। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। उसने खुद पर पत्नी को पीटने के लगाए गए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।
इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि आरती को बुखार आने पर भर्ती कराया गया था। उसके पिता ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। मृतका अपने पीछे दो बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गई है।