शाहजहांपुर। ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपात्रों को राशि जारी किए जाने के मामले में सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने 15 दिन में वसूली के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा, 557 अपूर्ण आवासों का निर्माण भी सात दिन में पूर्ण करवा लिया जाए। इस कार्य में लापरवाही करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने रविवार को विकास भवन सभागार में जिले के सभी खंड विकास अधिकारी, लेखाकार एवं समस्त पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। बताया कि समय-समय पर कराई गई जांच में अपात्र पाए गए 246 लाभार्थियों से धनराशि की शत-प्रतिशत वसूली अभी तक नहीं हुई है। इस पर उन्होंने रोष जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आवासों के निर्माण के लिए अवमुक्त की गई धनराशि की शत-प्रतिशत वसूली कराकर 15 दिनों में पूरी करने के साथ अवगत कराएं।
सीडीओ ने कहा कि योजना के आरंभ होने से अब तक अपूर्ण 557 आवासों से संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों को सात दिन में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं। पंचायती राज विभाग की 5वें और 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायतों में उपलब्ध धनराशि के सापेक्ष कार्यों को पूर्ण कराते हुए भुगतान की समीक्षा की। इस दौरान पीडी डीआरडीए अवधेश राम, डीपीआरओ घनश्याम सागर आदि अधिकारी मौजूद रहे।