शाहजहांपुर। शारदीय नवरात्र की अष्टमी को घरों और मंदिरों में महामाई की आराधना हुई। इसके साथ ही सप्तमी तक व्रत रखने वाले भक्तों ने कन्या भोज कराया।
अष्टमी पर चौक मंडी स्थित दुर्गा देवी मंदिर, विसरात में काली देवी मंदिर, खिरनीबाग के कालीबाड़ी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में मां के दर्शन करने श्रद्धालु उमड़ पड़े। देवी स्थलों पर माता की विशेष आरती हुई।
शुभ मुहूर्त मेें हवन पूजन का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद माता के नौ रूपों को प्रतीक स्वरूप भोग लगाने के उद्देश्य से कन्या भोज कराया गया। बच्चों को खीर, पूड़ी, हलवा के साथ भोजन कराया गया।
इसके पश्चात सबको शृंगार सामग्री (चूड़ी, माला, बिंदी, नेलपालिश, रूमाल) के साथ दक्षिणा व श्रीफल भी दिए गए। जो लोग अष्टमी पर नौ कन्या भोज नहीं कर पाए वे नवमी पर कन्या भोज कराएंगे।
देवी मंडपों में हुई महाष्टमी पूजा
फोटो - 33
शाहजहांपुर। दुर्गा पूजा उत्सव के तहत शहर के खिरनीबाग स्थित काली बाड़ी मंदिर, रामचरन लाल धर्मशाला, फैक्टरी इस्टेट में मंदिर और रिलायंस टाउनशिप में मंडप सजाए गए हैं। जहां पर रविवार को महाष्टमी का पूजन किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
काली बाड़ी मंदिर में दोपहर के बाद मराठा समाज के लोग एकत्र हुए। इसके बाद माता रानी का पूजन शुरू हुआ। पुजारी ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। ढोल-नगाड़ों व वाद्य यंत्रों के साथ आरती हुई। इस बीच महामाई के जयकारों से वातावरण गूंज गया। मंदिर परिसर में ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों व युवाओं ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। रामचरन लाल धर्मशाला में पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
ओसीएफ इस्टेट स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में महाष्टमी के पूजन में निर्माणी के अधिकारी व कर्मचारी अपने परिवार के साथ पहुंचे। माता रानी का पूजन और आरती में शामिल हुए। इसके बाद प्रसाद वितरण हुआ। वहीं रिलायंस टाउनशिप में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। महिलाओं व बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दी। मंगलवार को सभी मंडपों पर महानवमी का पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। बुधवार को महादशमी पूजा होगी, सिंदूरोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। संवाद
कालीबाड़ी मंदिर स्थित मंडप में देवी मां की स्तुति करते श्रद्धालु। संवाद