शाहजहांपुर/कलान। लंपी वायरस की रोकथाम के लिए शासन ने प्रदेश में पशुओं के परिवहन और उनकी खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी है। बृहस्पतिवार को बरेली में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर वायरस की रोकथाम को पूरी सतर्कता बरतने और सभी गौशालाओं में सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस बीच, जिले मेें वायरस के संक्रमण से प्रभावित पाए गए दोनों पशु (गायें) स्वस्थ हो गई हैं, लेकिन भोपाल लैब से अभी उनके नमूनों की रिपोर्ट नहीं आई है।
बरेली से लौटकर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय प्रकाश सिंह ने देर शाम सभी खंड विकास अधिकारियों और प्रभारी वेटनरी डॉक्टरों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि पशुओं के स्वास्थ्य पर कड़ी नजर रखें और अपने क्षेत्र में कोई पशु मेला, नखासा आदि नहीं लगने दें। सीवीओ डॉ. सिंह ने बताया कि दोनों प्रभावित पशु आज हुई जांच में स्वस्थ पाए गए लेकिन वायरस का प्रसार रोकने को पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
कलान तहसीलदार दुर्गेश यादव ने तहसील भवन में मिर्जापुर, कलान व परौर के थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर उन्हें पशु बाजार के आयोजन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गृह विभाग के माध्यम से जारी पत्र के अनुसार गोवंशीय एवं महिष वंशीय पशुओं में लंपी वायरस को देखते यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि दूसरे जनपदों से लाने-ले जाने वाले पशुओं को भी रोका जाए।