क्षेत्र के एक गांव निवासी 25 वर्षीय युवक ने एक वर्ष पूर्व गांव की ही 16 वर्षीय लड़की को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। साल भर तक युवक लड़की को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता रहा। कुछ दिन पूर्व युवक की शादी खुटार क्षेत्र के एक गांव से तय हो गई तो प्रेमिका ने परिवार के लोगों को पूरे मामले की जानकारी देते हुए प्रेमी युवक से ही शादी करने की जिद ठान ली। लड़की के परिवार के लोगों ने प्रेमी युवक के परिवार के लोगों को पूरा मामला बताते हुए शादी करने की बात की तो युवक शादी से मुकर गया और तय जगह पर शादी करने की बात करने लगा। पंचायत फैसला होने के बाद भी बात नहीं बनने पर लड़की के परिवार के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की। दो दिन तक विवाद मचा रहने के बाद बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंचे। कई घंटे तक विवाद होने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया कि प्रेमिका के बालिग होने पर प्रेमी युवक उससे शादी करेगा और तय की गई शादी निरस्त कर दी जाएगी। समझौता लिखे जाने से पूर्व ही प्रेमी प्रमिका में किसी बात को लेकर फिर से विवाद हो जाने पर लड़की पक्ष के लोग नाराज होकर घर चले गए। पुलिस ने बताया कि अभी इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।