पुवायां। युवती को घर से ले जा रहे युवक की कार को ग्रामीणों ने घेर लिया। इस पर प्रेमी युगल रात को अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। इधर, ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। हालांकि, परिजनों ने पुलिस से शिकायत नहीं की है। पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है।
क्षेत्र के एक गांव की युवती का शाहजहांपुर निवासी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले परिजनों को जानकारी हो गई। इस पर परिजनों ने युवती के बाहर निकलने पर पाबंदी लगाकर शादी के लिए वर की तलाश शुरू की गई। युवती ने प्रेमी को जानकारी दी। रविवार रात युवक कार लेकर युवती को लेने गांव पहुंच गया। युवती रात में ही प्रेमी के साथ जाने के लिए निकली तो आहट से परिजन जाग गए और युवती का पीछा किया तो कुछ दूर पर कार और शाहजहांपुर का युवक दिखे। शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन इस बीच प्रेमी युगल कोहरे और अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। इस पर ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार को थाने ले आई। प्रेमी युगल का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। अपराध निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि कार थाने पर खड़ी है। अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।