शाहजहांपुर। भावलखेड़ा के गांव दौलतपुर पहुंचे डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के सामने ग्रामीणों ने शिकायतों का अंबार लगा दिया। इस दौरान डीएम ने मौके पर जाकर समस्याओं का सत्यापन किया और सुधार के निर्देश दिए।
डीएम ने सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के निरीक्षण में पाया कि कोटेदार को खराब गुणवत्ता का राशन मिला है। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हर घर जल, जल जीवन मिशन के तहत डाली गईं पेयजल पाइप लाइन के कार्य को ठीक न पाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। 15 दिन में कार्य से पूर्व की स्थिति लाने के निर्देश दिए। प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय निरीक्षण में शौचालय एवं स्वच्छता संबंधित कमियां मिलने पर बीईओ का जवाब तलब किया। मध्याह्न भोजन गैस पर बनते न मिलने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में तालाब का पानी घरों तक आ जाता है। उन्होंने बीडीओ और प्रधान को दो महीने में लोगों की समस्या का समाधान कराने के लिए कहा। उन्होंने वृहद गा संरक्षण केंद्र सल्लिया का भी निरीक्षण किया।