संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों को दुश्वारियां बढ़ गईं हैं तो दूसरी ओर बिजली का नेटवर्क भी पटरी से उतर गया है। फाॅल्ट की भरमार के चलते बिजली गुल होने से लोग परेशान हैं।
बृहस्पतिवार को दोपहर 2:25 बजे गाेविंदगंज विद्युत उपकेंद्र की लाइन पर निशात टॉकीज के आगे पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। इसके चलते करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही। टीम ने मौके पर पहुंचकर डाल काटकर बिजली आपूर्ति को बहाल किया।
निगोही रोड उपकेंद्र की लाइन पर एजेड खान इंटर कॉलेज के पीपल के पेड़ की डाल गिरने से 40 मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। हथौड़ा उपकेंद्र के रेती फीडर की लाइन ब्रेकडाउन होने से सैकड़ों उपभोक्ता परेशान रहे। दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों की हालत काफी ज्यादा खराब है। अल्हागंज के रामपुर गांव में लाइन फॉल्ट आने से बिजली गुल रही। जलालाबाद के वाल्मीकि मोहल्ले में ट्रांसफार्मर की समस्या तीन दिन के बाद भी समाप्त नहीं हो सकी।