शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव ढकिया तिवारी निवासी गन्ना व्यापारी दिवाकर मिश्रा उर्फ सोनू से बाइक सवार दो बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने पहले सिर पर रॉड मारकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इसके बाद नकदी लूटकर भाग गए। सीओ सदर अमित चौरसिया, एसओजी व थाना पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की है।
गन्ना व्यापारी दिवाकर मिश्रा उर्फ सोनू शनिवार सुबह करीब सात बजे बरेली के फरीदपुर के मोहल्ला परा निवासी अपनी बहन प्रभा पांडेय के घर जा रहे थे। दिवाकर के अनुसार, वह उन्हें ढाई लाख रुपये देने जा रहे थे। निगोही में बिछौली गांव के अंडरपास के पास सामने से आए दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही रॉड से सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। लहूलुहान होकर गिरने के बाद बदमाश ढाई लाख रुपये लूटकर भाग गए।
राहगीरों ने दिवाकर को निगोही थाने भिजवाया। वहां से उन्हें सीएचसी भेजा गया। गंभीर चोट लगने के कारण परिजनों ने उन्हें शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ सदर अमित चौरसिया, एसओजी और निगोही पुलिस ने मौका-मुआयना किया। पीड़ित से भी जानकारी कर छानबीन को शुरू कर दिया है।
-
दिनदहाड़े घटना से लोगों में दहशत
गन्ना व्यापारी दिवाकर मिश्रा उर्फ सोनू के साथ सुबह करीब सात बजे घटना हुई। दिनदहाड़े घटना होने से लोगों में दहशत व्याप्त है। घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा होने लगा है। सोनू के अनुसार, बदमाश बिछौली की तरफ भागे हैं।
तीन महीने में लूट की दूसरी घटना
26 दिसंबर की शाम भी निगोही थाना क्षेत्र में घटना हुई थी। घुसगवां गांव के पास कोटक महिंद्रा के सेल्स मैनेजर और उसके साथी से बदमाशों ने तमंचा दिखाकर पौने दो लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने मामले में राहुल वाजपेयी, विमल अवस्थी और पवन को गिरफ्तार किया था। उन्होंने कर्ज चुकाने के लिए लूट की योजना बनाई थी।
वर्जन
अभी मामले में तहरीर नहीं आई है। हमने खुद मौका-मुआयना किया है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अमित चौरसिया, सीओ सदर