निगोही। डालमिया चीनी मिल प्रबन्धतंत्र की लचर व्यवस्था के कारण गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रालियों से शनिवार को दूसरे दिन भी शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर जाम लगा रहा। निगोही पुलिस व मिल प्रबन्धतंत्र ने मार्ग पर जाम से निजात दिलाए जाने की कोई पहल नहीं की है। लॉकडाउन के बाद भी मार्ग पर लगे जाम से आवागमन में भारी समस्या पैदा हुई। ऐसे में पुलिस व मिल प्रबन्धतंत्र गहरी नींद में सोता रहा।
निगोही पुलिस व डालमिया चीनी मिल प्रबन्धतंत्र की लचर व्यवस्था के कारण मिल संचालन से अब तक महीने के दो-चार दिन छोड़ कर रोजाना ही शाहजहांपुर- पीलीभीत मार्ग पर गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रालियों से जाम के हालात बने रहे। लोग कई-कई घंटे जाम में फंसे रहे। जिला प्रशासन से की गयी शिकायतें भी बेअसर रहीं। शनिवार को दूसरे दिन भी मिल यार्ड व गांव हसौआ में किराये पर ली गई जगह गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रालियों से खचाखच भर जाने के बाद शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रालियों की निगोही से गांव कजरीनूरपुर तक दस किलोमीटर लम्बी लाइन लग गयी। मार्ग पर गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रालियों के कारण बाइक सवार, छोटे वाहनों से तो आसानी से निकलते रहे, लेकिन भारी वाहनों के आ जाने पर जाम लग जाता है। जाम लगने से आवागमन की भारी समस्या पैदा हो गयी है।
मिल क्षेत्र में संचालित गन्ना क्रय केन्द्र बन्द हो गये हैं और मिल का दैनिक इन्डेन्ट 75 हजार क्विंटल से बढ़ कर एक लाख क्विंटल का इन्डेन्ट हो गया है | इसके अलावा कृषकों को गन्ना लाने का समय चार दिन का होता है। किसान दूसरे दिन ही गन्ना ले आये हैं, प्रतिदिन 16 सौ गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रालियों को तौला जा रहा है। इसी एजह से जाम लग है, कल तक जाम नहीं रहेगा। - आशीष त्रिपाठी, गन्ना महाप्रबंधक।