शाहजहांपुर। खंड शिक्षा अधिकारियों और डीसी एमडीएम के निरीक्षण में जिले के दस स्कूल बंद मिले। इसी तरह 142 अन्य शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक के गैरहाजिर पाए गए। प्रेरणा पोर्टल की समीक्षा करते हुए बीएसए दिव्या गुप्ता ने सभी से स्पष्टीकरण तलब किया है।
अगस्त में अलग-अलग तिथियों में हुए बीईओ और डीसी एमडीएम निश्चय सिंह ने निरीक्षण किया। उन्हें सिंधौली ब्लॉक के आठ और पुवायां व निगोही में एक-एक विद्यालय बंद मिला है। दूसरी ओर अन्य अधिकारियों के निरीक्षण में मिर्जापुर, सिंधौली, जलालाबाद, मदनापुर, कांट, शहर के स्कूलों के 142 कर्मी गैरहाजिर मिले। इनमें प्रधानाध्यापक, इंचार्ज प्रधानाध्यापक, अनुदेशक और शिक्षामित्र शामिल हैं।
बीएसए दिव्या गुप्ता ने प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन समीक्षा की तो स्थिति सामने आई। उन्होंने बंद मिले स्कूलों के स्टाफ से तीन दिन के अंदर खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से आख्या देने के निर्देश दिए हैं। वहीं अन्य से भी स्पष्टीकरण मांगा है। चेताया कि स्पष्टीकरण नहीं आने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगा।