पुवायां थाने का निरीक्षण करते एसपी
पुवायां। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बृहस्पतिवार को सिंधौली, पुवायां, खुटार और बंडा थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारियों को कई दिशा निर्देश भी दिए।
एसपी ने पुवायां कोतवाली में साफ-सफाई रखने, नालियों की नगर पालिका कर्मी बुलाकर सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी ने थाना क्षेत्र के गांव, हिस्ट्रीशीटरों आदि के बारे में जानकारी ली। एसपी ने अभिलेख देखकर लंबित विवेचनाओंं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। एसपी ने पत्रकारों को बताया कि थाने में सभी व्यवस्थाएं ठीक मिली हैं।
एसपी ने सिंधौली, खुटार और बंडा में भी निरीक्षण कर अभिलेख देखे। एसपी ने कहा कि थाने आने वाले हर व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और समाधान कराया जाए। कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सीओ पंकज पंत भी मौजूद रहे।
एसपी ने सिंधौली थाने का भी लिया जायजा
सिंधौली। पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार की दोपहर थाने पहुंचकर निरीक्षण किया। एसपी ने यहां भी सबसे पहले परिसर की सफाई व्यवस्था देखी। मालखाना, कार्यालय, त्योहार रजिस्टर आदि का निरीक्षण किया। सभी अभिलेख ठीक मिले। आईजीआरएस निस्तारण में प्रदेश में प्रथम रहे सिंधौली थाने के लिए महिला आरक्षी प्रियंका यादव की सराहना की। इस दौरान सीओ पुवायां पंकज पंत, प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद