मिर्जापुर। क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर अब तक आंखें मूंदे रहा प्रशासन तीन बच्चों की मौत के बाद जागा है। कलान एसडीएम दशरथ कुमार ने क्षेत्र में हुए खनन की जांच के लिए क्षेत्रीय लेखपालों को लगाया है। लेखपाल एक हफ्ते में रिपोर्ट देंगे। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
खनन से हुए गड्ढे में बृहस्पतिवार को बहेरिया गांव के तीन मासूमों की डूबकर मौत हो गई थी। तब एसडीएम ने कहा था कि खनन से हुआ गड्ढा काफी पुराना है। अब खनन पर नजर रखी जाएगी। बाद में जब क्षेत्र में हो रहे खनन के बारे में मीडिया में खबरें छपीं तो उन्होंने जांच की कवायद शुरू की। एसडीएम ने बताया कि तीनों बच्चों के परिजनों को दैवीय आपदा के तहत सोमवार तक चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया करा दी जाएगी। क्षेत्रीय लेखपालों को अवैध खनन को चिह्नित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद