पुवायां। राजीव चौक स्थित पिंक बूथ के पास हंगामा करने वाली युवती को पुलिस ने बिना किसी कार्रवाई के ही छोड़ दिया। जबकि, राहगीरों और महिला पुलिसकर्मियों से उसने काफी गालीगलौज की थी। थाने में कुर्सियां तक तोड़ दी थीं।
पिंक बूथ के पास 16 मार्च को नशे में धुत एक युवती ने जमकर हंगामा किया था। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। एक दरोगा ने भीड़ में शामिल कई लोगों को डंडे से पीट भी दिया था। लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी। बाद में युवती को महिला सिपाही बमुृश्किल थाने ले गई थीं। थाने में भी युवती ने पुलिसकर्मियों से गालीगलौज और हंगामा कर एक कुर्सी तोड़ दी थी।
नशा उतरने के बाद उसने अपना नाम और पता बताया। इसके बाद युवती के पति को सूचना देकर थाने बुलाया गया और युवती को उसके हवाले कर दिया गया। युवती के पति ने बताया कि उसकी पत्नी झगड़ा कर मायके बंडा गई थी। बंडा से पुवायां आकर उसने शराब पी ली थी। पुलिस ने युवती का मेडिकल कराने और कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी। नियमानुसार युवती का थाने ले जाने के तत्काल बाद मेडिकल परीक्षण कराया जाना चाहिए था। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि युवती के माफी मांग लेने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई है।