शाहजहांपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार दोपहर वकीलों के दो गुटों के बीच अपना तख्त डालने को लेकर विवाद हो गया। एक महिला अधिवक्ता ने पहले से पड़ा तख्त हटाकर वहां अपनी बेंच, मेज, कुर्सी आदि सामान रख दिया। इसका अन्य वकीलों ने विरोध करना शुरू किया तो वहां पर तमाशबीनों का जमावड़ा हो गया। हालांकि, बाद में महिला वकील का फर्नीचर हटाकर और वहां पहले की तरह तख्त डालकर अन्य वकीलों ने विवाद शांत करा दिया।
कलेक्ट्रेट गेट के पास हाल ही में खोली गई कैंटीन के ठीक सामने बरामदे के आगे के हिस्से में वरिष्ठ अधिवक्ता राजाराम मिश्रा का तख्त और कुर्सियां पड़ी हैं। उसके ठीक पीछे पड़े दूसरे तख्त पर अन्य वकील प्रैक्टिस करते हैं। उसी जगह एक महिला वकील भी अपनी कुर्सी डालकर अपना काम करने लगीं। मंगलवार सुबह महिला वकील ने वहां जाकर पहले से पड़ा तख्त हटाकर बरामदे के नीचे रखवा दिया और अपनी मेज-कुर्सी लगा ली। यही नहीं, किनारे बची जगह पर लोहे की बेंच डाल दी।
बाद में वहां बैठने वाले अन्य वकीलों ने पहुंचकर अपनी जगह पर कब्जा पाया तो उनकी महिला वकील से नोकझोंक होने लगी। विवाद उस वक्त बढ़ गया जब महिला वकील का पक्ष लेते हुए एक वादकारी महिला ने मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू कर दी। वकीलों ने महिला वादकारी का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर महिला वकील का फर्नीचर हटाकर वहां पहले की तरह तख्त डाल दिया। इस दौरान महिला वकील ने कुछ मददगारों को बुलाने के लिए फोन भी किया।