शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार के मोहल्ला महमंद जलालनगर निवासी सर्वेंद्र प्रताप सिंह ने थाने पर दो नामजद समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि पड़ोसी के कुत्ते ने उनकी बेटी को काट लिया। विरोध करने पर पड़ोसियों ने जान से मारने की धमकी दी।
सर्वेंद्र प्रताप ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी प्रज्ञा ने जर्मन शेफर्ड कुत्ता पाल रखा है। कुत्ता पागल होने के बावजूद घर के बाहर छोड़ देते हैं। वह आए दिन लोगों को काटता है। तीन माह पहले कुत्ते ने उनकी एक वर्षीय बेटी को काट लिया। 16 अप्रैल 2022 की शाम करीब सात बजे कुत्ता उनके घर में घुस आया। उनकी बेटी अंशिका सिंह के पैर और गले में काट लिया।
अंशिका के चीखपुकार मचाने पर सर्वेंद्र व पड़ोसी डंडे लकर आए और बमुश्किल उसे बचाया। आरोप है कि शिकायत करने पर कुशाग्र उर्फ हनी व उसके परिजन ने उनके साथ गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर आने के बाद प्रज्ञा, कुशाग्र व अन्य परिजन के खिलाफ धारा 504, 506 व 289 के तहत केस दर्ज कर लिया है।