जमीन कब्जाए लोगों के घरों पर चली जेसीबी
नगर में सैनिक कल्याण बोर्ड की बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के घरों और झोपड़ियों को जेसीबी से ढहाकर कब्जा हटवा दिया गया। अवैध कब्जेदारों को चेतावनी दी गई है कि फिर से कब्जा किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर में निगोही रोड पर वाल्मीकि मंदिर के पास रोड के किनारे सैनिक कल्याण बोर्ड की बेहद कीमती जमीन है। बोर्ड के ध्यान नहीं देने के कारण भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जा कर मकान, दुकान आदि बना ली थीं। कुछ लोगों ने जमीन कब्जाने के लिए बाउंड्री आदि करा दी थी। अब बोर्ड उक्त भूमि पर निर्माण कराना चाहता है। कुछ माह पूर्व बोर्ड के अधिकारियों ने डीएम को मामले से अवगत कराते हुए अवैध कब्जा हटवाए जाने की मांग की थी। डीएम ने इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बोर्ड की भूमि पर अवैध कब्जा जमाए लोगों को तीन माह पूर्व नोटिस जारी कर कब्जा हटाने को कहा गया था, लेकिन कब्जा करने वालों ने नोटिस पर कोई ध्यान नहीं दिया। बृहस्पतिवार को तहसीलदार यदुवंश कुमार वर्मा, एसआई प्रशंात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी से अवैध कब्जे हटवाकर जमीन को खाली करा लिया।